एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंस्टीट्यूट फॉर टीचर एजुकेशन एंड डिग्री कॉलेज, नोगली बालना में स्थापना दिवस एवं वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मुख्य अतिथि के संस्थान पहुंचने पर चेयरमैन डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, मुख्य सलाहकार ए.के. गोस्वामी, प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नृत्य प्रतियोगिता, मूक अभिनय, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रो. महावीर सिंह, चेयरमैन डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, मुख्य सलाहकार ए.के. गोस्वामी तथा प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने संस्थान की वार्षिक पत्रिका ‘दिव्यांश’ के 13वें संस्करण का विधिवत विमोचन किया।
शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि श्रेष्ठ चरित्र, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
