एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई ने शनिवार को विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर राजकीय महाविद्यालय रामपुर परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान परिषद ने रामपुर के पुराने बस अड्डे से महाविद्यालय के मुख्य द्वार तक विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पगडंडी निर्माण कार्य एक माह के भीतर शुरू करने की मांग उठाई। इसके साथ ही महाविद्यालय के ओल्ड ब्लॉक की मरम्मत के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत कर मरम्मत कार्य भी एक माह के भीतर शुरू करने की मांग की गई। परिषद ने राजकीय महाविद्यालय रामपुर में पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को आगामी सोमवार तक पुनः सुचारू रूप से शुरू करने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर इकाई उपाध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थी परिषद कई वर्षों से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सुरक्षित पगडंडी के निर्माण की मांग कर रही है। मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही के कारण विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर पगडंडी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों और आम जनता के साथ रामपुर में चक्का जाम और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को बंद किए जाने से द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को गंभीर शैक्षणिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है और ऐसे महत्वपूर्ण विषय को एक आदेश के माध्यम से बंद करना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।
विद्यार्थी परिषद ने शिक्षा विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी सोमवार तक पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को महाविद्यालय में पुनः सुचारू रूप से शुरू नहीं किया गया तो परिषद प्रभावित विद्यार्थियों के साथ उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग की होगी।
