एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा क्षेत्र के विभिन्न वर्गों में 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (ओटीए) के 60 पद, रेडियोग्राफर के 30 पद और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन/एमएलटी ग्रेड-2 के 15 पद शामिल हैं। सभी पदों पर भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी।
ये 105 पद आयोग की ओर से पूर्व में विज्ञापन संख्या 04/2026, दिनांक 28 फरवरी 2026 के माध्यम से विज्ञापित 196 पदों के अतिरिक्त हैं। पहले जारी विज्ञापन में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) के 176 पद, वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन/एमएलटी ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 10 पद और रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 10 पद शामिल थे।
इसके बाद 30 मार्च 2026 को जारी परिशिष्ट के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के 18 अतिरिक्त पद भी जोड़े गए थे। अब नए 105 अतिरिक्त पदों को 28 फरवरी 2026 के मूल विज्ञापन और 30 मार्च 2026 को जारी परिशिष्ट के साथ सम्मिलित किया जाएगा। आयोग ने तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को 11 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक पुनः खोल दिया है। पात्र अभ्यर्थी 25 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन संख्या 04/2026 दिनांक 28 फरवरी 2026 या 30 मार्च 2026 को जारी परिशिष्ट के तहत पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
