एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रामपुर इकाई ने सोमवार को जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता बीरबल मोदी को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने महाविद्यालय में पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है।
एबीवीपी के इकाई सह सचिव यशवंत सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से महाविद्यालय में पेयजल आपूर्ति बंद अथवा बाधित चल रही है। इसके कारण विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और अन्य स्टाफ को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से महाविद्यालय की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और विद्यार्थियों को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
यशवंत सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रहित और शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है। परिषद ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक और प्रभावी कदम उठाते हुए महाविद्यालय में पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुचारू की जाए।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि पेयजल समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन विद्यार्थियों के हित में आगामी रणनीति तय करने के लिए बाध्य होगा।
