एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के तहत नालागढ़ की नवगठित पंचायत ढांग ऊपरली की पहली ऐतिहासिक ग्राम सभा में नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग का एलान किया गया है। पंचायत में आयोजित इस विशेष बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति पंचायत क्षेत्र में नशा बेचने या इसका अवैध कारोबार करने में संलिप्त पाया जाता है, तो ग्रामीण उसका पूर्ण सामाजिक बहिष्कार करेंगे। ऐसे लोगों से कोई संबंध नहीं रखा जाएगा और उन्हें सीधे पुलिस के हवाले किया जाएगा। इस दौरान उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशे के खिलाफ एकजुट रहने की शपथ भी दिलाई गई।
विधायक हरदीप बावा की मौजूदगी में गूंजे विकास के मुद्दे
पंचायत प्रधान सरदार हरप्रीत सैणी की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक सुबह 11:00 बजे शुरू होकर दोपहर बाद 3:30 बजे तक चली, जिसमें नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इलाके की समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया।सरदार कुलवंत सिंह ने चिकनी खड्ड के कारण दो दर्जन से अधिक किसानों की उपजाऊ भूमि नष्ट होने का मुद्दा उठाते हुए यहां खड्ड के तटीयकरण (चैनेलाइजेशन) की मांग रखी। प्राथमिक पाठशाला कंगनवाल की मुख्य शिक्षिका सीमा ने स्कूल के रास्ते को पक्का करने और भवन के साथ डंगा लगाने की मांग की। वहीं नरेंद्र सिंह ने महेंद्र सिंह के घर से सरकारी कूहल तक रास्ता पक्का करने का मुद्दा उठाया। जसवंत सिंह ने हरिजन बस्ती में कम वोल्टेज की समस्या रखी, जबकि निर्मला देवी को पंचायत में लोकमित्र केंद्र खोलने के लिए एनओसी (NOC) जारी की गई।
विधायक ने की घोषणाओं की बौछार, स्वीकृत हुए विकास कार्य
विधायक ने जनसमस्याओं को सुनने के बाद बीडीओ (BDO) को पंचायत के लिए दस बिस्वा जमीन अलॉट करने के आदेश जारी किए। उन्होंने एलान किया कि 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से भव्य पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। इसके अलावा चिकनी खड्ड से हो रहे भूमि कटाव को रोकने के लिए चैनेलाइजेशन का कार्य जल्द शुरू होगा। भौर गटी सिंचाई योजना के लिए 9.50 लाख रुपये से बिजली लाइन तैयार हो चुकी है और जल शक्ति विभाग जल्द ही पानी की टंकी व योजना को चालू कर देगा।
जनप्रतिनिधियों ने पेश की मिसाल, दान किया पहला वेतन
इस ग्राम सभा में एक बेहद सराहनीय पहल देखने को मिली। नई पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और सभी वार्ड पंचों ने मिलकर एक मिसाल पेश करते हुए अपनी पहली सैलरी (वेतन) को अस्थायी रूप से पंचायत घर की व्यवस्था करने के लिए दान कर दिया। इस बैठक में पंचायत सचिव कपिल देव ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीक्षा सूची पर चर्चा की। बैठक में उपप्रधान जसवीर सिंह, बीडीसी राम कौर, साध राम, रामगोपाल, इंदरजीत सिंह, जगदीश सिंह सहित भारी संख्या में वार्ड पंच और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
