एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के पुराने बस अड्डा क्षेत्र में डेंगू मच्छर का लार्वा मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित जनस्वास्थ्य खतरे को देखते हुए नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल प्रभाव से रोकथाम एवं नियंत्रण उपाय लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुराने बस अड्डा क्षेत्र में डेंगू मच्छरों के पनपने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुराने बस अड्डा और आयुर्वेदिक अस्पताल के आसपास डेंगू मच्छर के लार्वा की पुष्टि हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नगर परिषद रामपुर के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आयुर्वेदिक अस्पताल और उससे सटे संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल एंटी-लार्वा उपचार, फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही क्षेत्र में जमा पानी, कूड़ा-कचरा, अपशिष्ट सामग्री तथा मच्छरों के प्रजनन के सभी संभावित स्रोतों को तुरंत हटाने के आदेश दिए गए हैं।
उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर सभी निवारक उपाय सुनिश्चित करने को कहा है। नगर परिषद को कार्रवाई पूरी होने के बाद फोटोग्राफ सहित एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) 24 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारी को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें तथा डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
