एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ज्यूरी में भाजपा नेता कौल सिंह नेगी के नेतृत्व में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, महिला मंडलों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कौल सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दे। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव बनेगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री सराहन रुपेश्वर सिंह, पंचायत उपप्रधान प्रकाश सहित पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
