एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत बाल विकास परियोजना रामपुर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना के अंतर्गत 3 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 10 आंगनवाड़ी सहायिका सहित कुल 13 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 27 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, रामपुर में साक्षात्कार आयोजित होंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर ने बताया कि इच्छुक महिला अभ्यर्थी 22 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक सादे कागज पर आवेदन पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों की स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, रामपुर में आवेदन जमा कर सकती हैं। साक्षात्कार के दौरान सभी मूल प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद कुरगू (रंगोरी पंचायत), दरकाली (दरकाली पंचायत) और निरथ (निरथ पंचायत) केंद्रों में भरे जाएंगे। वहीं आंगनवाड़ी सहायिका के पद जोगनी, मशनू, नैनी, दरकाली, रडोली, मसारना, भडोग, रनसेरी, भद्राश और मझाली आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त हैं।
ये हैं पात्रता की प्रमुख शर्तें
इन पदों के लिए केवल संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र की स्थायी निवासी महिलाएं ही आवेदन कर सकती हैं। आवेदिका का नाम संबंधित केंद्र के सर्वेक्षण रजिस्टर में परिवार की सूची में दर्ज होना आवश्यक है।
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। 22 अगस्त 2026 तक आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा।
सरकारी मानदंडों के अनुसार उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांग, विधवा, तलाकशुदा, निराश्रित एवं अन्य पात्र श्रेणियों की महिलाओं को वरीयता दी जाएगी।
मिलेगा इतना मानदेय
चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 10,500 रुपये प्रतिमाह तथा आंगनवाड़ी सहायिका को 5,800 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।
