एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने गश्त व जांच के दौरान एक बस से 58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पंजाब की 22 वर्षीय युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की एसडीटी (SDT) टीम बलोह फोरलेन लिंक रोड पर स्थित मल्यावर में नियमित वाहन चेकिंग अभियान पर तैनात थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक यात्री बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की सघन तलाशी ली जा रही थी, तभी 22 वर्षीय युवती की गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। तलाशी लेने पर युवती के कब्जे से 58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़ी गई आरोपी युवती पंजाब की निवासी बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ घुमारवीं थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से खरीदी गई थी और इसे प्रदेश में किसे सप्लाई किया जाना था। नशा तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट और इसमें शामिल अन्य आरोपियों का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस की मुस्तैदी जारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में भी यह अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
