एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विकास खंड रामपुर बुशहर की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों को कार्य करते समय पेश आ रही विभिन्न समस्याओं, प्रशासनिक चुनौतियों तथा ग्राम पंचायतों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रधानों ने पंचायतों के हितों एवं समस्याओं के समाधान के लिए एक साझा मंच की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी उद्देश्य से विकास खंड रामपुर बुशहर प्रधान परिषद् का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
प्रधानों ने आपसी सहमति से कृष्ण गोपाल को प्रधान परिषद् का अध्यक्ष, राजकान्ता शर्मा को उपाध्यक्ष तथा अश्वनी शर्मा को सचिव चुना। नवगठित कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष निर्धारित किया गया है। बैठक में प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कार्यों को संचालित करते समय पंचायत प्रतिनिधियों को कई तरह की व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें विभिन्न विभागों से समन्वय, विकास कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन, वित्तीय एवं तकनीकी मामलों सहित अन्य पंचायत संबंधी विषय शामिल हैं।
प्रधानों का कहना था कि कई बार व्यक्तिगत स्तर पर समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना कठिन होता है। ऐसे में प्रधान परिषद् पंचायत प्रतिनिधियों को एकजुट होकर अपनी समस्याएं उचित मंच पर रखने के लिए मजबूत माध्यम उपलब्ध कराएगी।
पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
नवगठित परिषद् का उद्देश्य केवल प्रधानों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि विकास खंड रामपुर बुशहर की सभी ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा पंचायतों के विकास से जुड़े सामूहिक मुद्दों पर मिलकर कार्य करना भी रहेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पंचायत प्रधानों की समस्याओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को परिषद् के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों, प्रशासन एवं सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर परिषद् संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पैरवी भी करेगी।
ग्रामीण विकास के मुद्दों को दी जाएगी प्राथमिकता
प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और पंचायत प्रतिनिधि सीधे ग्रामीण जनता के साथ जुड़कर कार्य करते हैं। ऐसे में पंचायतों के सुचारु संचालन के लिए प्रधानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है।
नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सभी प्रधानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन आपसी सहयोग और सभी प्रधानों के मार्गदर्शन से पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा। परिषद् का प्रयास रहेगा कि विकास खंड रामपुर बुशहर की प्रत्येक ग्राम पंचायत से जुड़े विषयों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाए तथा पंचायत प्रतिनिधियों के हितों के साथ-साथ ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए।
