एआरबी टाइम्स ब्यूरो | नाहन
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में सिरमौर के युवाओं ने बेरोजगारी, लंबित भर्तियों और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को लेकर नाहन में प्रदेश सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन किया। सैकड़ों युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार के वादे पूरे करने की मांग उठाई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर युवाओं से वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए हिमाचल के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को नियमित और स्थायी सरकारी नौकरी देने का भरोसा दिलाया था। बिंदल ने सवाल उठाया कि सरकार के कार्यकाल के लगभग चार वर्ष बीतने को हैं, लेकिन बेरोजगार युवा आज भी एक लाख सरकारी नौकरियों के वादे का जवाब मांग रहे हैं। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी पद खाली हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि हजारों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और भर्ती की अनिश्चितता के कारण उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अब तक दी गई सरकारी नौकरियों का पूरा आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए और बताया जाए कि चुनावी गारंटी के तहत कितने युवाओं को नियमित रोजगार मिला है।

रोजगार के बजाय भाई-भतीजावाद का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पारदर्शी और व्यापक भर्ती करने के बजाय चहेतों को लाभ पहुंचाने की कार्यप्रणाली अपना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को भर्ती और नियुक्तियों की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपने कार्यकाल में बड़ी संख्या में रोजगार दिया है तो उसका विभागवार और पदवार विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।बिंदल ने कहा कि नाहन में उमड़ा युवाओं का आक्रोश केवल सिरमौर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे हिमाचल के बेरोजगार युवाओं की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवा अब सरकार से पूछ रहा है कि एक लाख सरकारी नौकरियां कहां हैं, पांच लाख रोजगार का क्या हुआ और खाली पद कब भरे जाएंगे?
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : भाजपा सांसदों को सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं, सरकार अपने तीन साल के विकास का हिसाब दे : सुरेश कश्यप
हर मंच पर बेरोजगार युवाओं की आवाज उठाएगी भाजपा
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा बेरोजगार युवाओं की आवाज को प्रदेश के हर मंच पर उठाएगी और कांग्रेस सरकार से उसकी प्रत्येक रोजगार गारंटी का हिसाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा अब घोषणाओं के बजाय सरकार के कार्यकाल का हिसाब मांग रहा है। बिंदल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यही युवा शक्ति कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।
