एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
गानवी–क्याओ–कूट–किन्फी सड़क को गानवी खड्ड के ऊपर 11 पंक्तियों में कुल 22 नग आरसीसी ह्यूम पाइप स्थापित कर अस्थायी रूप से बहाल किया गया है। इसके माध्यम से छोटी गाड़ियों के आवागमन के लिए अस्थायी मार्ग खोल दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अनुसार, इस अस्थायी मार्ग का निर्माण मुख्य रूप से गानवी साइड वाले एबटमेंट के निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री को साइट तक पहुंचाने तथा निर्माण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है। इसलिए इसे नियमित यातायात के लिए निर्मित स्थायी मार्ग न समझा जाए।
आपात स्थिति में ही करें LMV का आवागमन
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अस्थायी मार्ग पर LMV (लाइट मोटर व्हीकल) का आवागमन केवल अत्यंत आवश्यक एवं आपातकालीन परिस्थितियों में ही किया जाए। ऐसे आवागमन के दौरान वाहन मालिक/चालक स्वयं जोखिम के लिए जिम्मेदार होंगे। सामान्य परिस्थितियों में LMV सहित किसी भी वाहन से अनावश्यक रूप से इस मार्ग का उपयोग करने से बचने की सलाह दी गई है।
विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों को निर्देश दिया है कि अस्थायी मार्ग का उपयोग केवल दिन के समय किया जाए। साथ ही, किसी भी वाहन को उसकी निर्धारित भार-वहन क्षमता के 50 प्रतिशत से अधिक भार के साथ इस मार्ग से न चलाया जाए।
बसों और भारी वाहनों का आवागमन सुरक्षित नहीं
लोक निर्माण विभाग ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि बसों और ट्रकों का नियमित आवागमन इस अस्थायी मार्ग से सुरक्षित नहीं है। भारी वाहनों का नियमित एवं सुरक्षित आवागमन दोनों एबटमेंट के निर्माण के बाद उन पर बेली ब्रिज लॉन्च किए जाने के उपरांत ही संभव हो सकेगा। विभाग ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और अस्थायी मार्ग की सीमित क्षमता एवं उसकी प्रकृति को ध्यान में रखते हुए इसका उपयोग केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही करें।
उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने भी गानवी खड्ड पर अस्थाई रूप से सड़क बहाल होने की पुष्टि की है। साथ ही सभी वाहन चालकों से कहा कि लोनिवि द्वारा जारी किए गए निर्देशों का भी सख्ती से पालन किया जाए।
