एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जिला शिमला के कोटखाई क्षेत्र में एलपीजी की सुचारू एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में एलपीजी आपूर्ति की समस्या का एक सप्ताह के भीतर पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेब सीजन के दौरान लोगों को रसोई गैस की कमी के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नारकंडा गैस एजेंसी से कोटखाई क्षेत्र की कुछ पंचायतों को जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने विभाग को इस संबंध में सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।
बैठक में बताया गया कि कोटखाई क्षेत्र में करीब 15,400 एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि कलबोग क्षेत्र में लगभग 1,200 उपभोक्ता हैं। कलबोग क्षेत्र के 600 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि करीब 600 कनेक्शनों का बैकलॉग अभी शेष है। बैकलॉग को समाप्त करने के लिए 250 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु वीरवार को वाहन भेजा गया है।
गुम्मा और कलबोग में नई गैस एजेंसी की दिशा में कार्रवाई
रोहित ठाकुर ने कहा कि गुम्मा में नई गैस एजेंसी खोलने का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने विभाग को इस संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कलबोग क्षेत्र में नई गैस एजेंसी के लिए आवेदन आमंत्रित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को नियमित और सुगम गैस आपूर्ति का लाभ मिल सके। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) के बिना गैस आपूर्ति से जुड़ी प्रक्रिया के कारण भी कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आई हैं। इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) से अतिरिक्त एलपीजी लोड उपलब्ध करवाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से कलबोग क्षेत्र में गैस आपूर्ति की समस्या बनी हुई है।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैकलॉग वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति की समस्या समाप्त कर उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने बताया कि खन्नेटी-पुड़ग क्षेत्र में 500 कनेक्शनों की गैस आपूर्ति जारी की जा चुकी है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर एलपीजी आपूर्ति की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करेगा।
जनवरी से जुलाई तक जिला शिमला में 3,058 एलपीजी लोड पहुंचे
जिला शिमला में जनवरी से जुलाई 2026 तक घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी रिफिल की प्राप्ति और बिक्री के आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्तमान में कुल 3,14,110 एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें 2,17,159 घरेलू डीबीसी कनेक्शन, 96,951 एसबीसी कनेक्शन और 7,150 वाणिज्यिक कनेक्शन शामिल हैं। इस अवधि में जिला शिमला को कुल 3,058 एलपीजी लोड प्राप्त हुए। जनवरी से जुलाई के दौरान 10,53,741 घरेलू एलपीजी रिफिल और 1,06,350 वाणिज्यिक रिफिल प्राप्त हुए। वहीं, इसी अवधि में 9,85,510 घरेलू रिफिल और 86,556 वाणिज्यिक रिफिल की बिक्री दर्ज की गई।
माहवार आंकड़ों के अनुसार जनवरी में 505, फरवरी में 511, मार्च में 497, अप्रैल में 388, मई में 322, जून में 402 और जुलाई में 433 एलपीजी लोड प्राप्त हुए। घरेलू रिफिल की बिक्री जनवरी में 1,79,198, फरवरी में 1,51,058, मार्च में 1,57,600, अप्रैल में 1,22,500, मई में 1,20,100, जून में 1,21,072 तथा जुलाई में 1,33,982 रही। वहीं वाणिज्यिक रिफिल की बिक्री जनवरी से जुलाई के दौरान क्रमशः 18,171, 15,347, 15,009, 9,809, 8,810, 9,570 और 9,840 दर्ज की गई।
