शिमला | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित नेरवा उपमंडल में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। नेरवा से करीब एक किलोमीटर दूर हडेऊ नाला के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (संख्या HP 08A-8604) शलन-टिकरी से नेरवा की तरफ आ रही थी। हडेऊ नाला के समीप पहुंचते ही कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा समाई। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान नीतू (पत्नी नरेश कुमार), निवासी गांव हिराह, तहसील नेरवा (शिमला) के रूप में हुई है।
वहीं दुर्घटना में घायलों की पहचान इस प्रकार है:
रितिक (पुत्र हरी राम) – निवासी गांव हिराह, डाकघर धनत (नेरवा)
नरेश (पुत्र मस्त राम) – निवासी गांव हिराह, डाकघर धनत (नेरवा)
कामरा (पुत्री नरेश कुमार) – निवासी गांव हिराह, डाकघर धनत (नेरवा)
श्वेता देवी – निवासी गांव व डाकघर मनेवटी, तहसील नेरवा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को ₹20,000 और प्रत्येक घायल को ₹5,000 की फौरी वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
