एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों के लिए चालू खरीद सीजन के बीच एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। प्रसिद्ध कारोबारी समूह की कंपनी अदानी एग्री फ्रेश (Adani Agri Fresh) ने राज्य में सेब खरीद के लिए अपनी नई दरें (New Apple Rates) जारी कर दी हैं। आज से लागू होने वाली इन दरों में पिछले वर्ष की तुलना में प्रमुख ग्रेड के सेबों के दामों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। इस बार सबसे अधिक इजाफा 80 से 100 फीसदी रंग वाले LMS (लार्ज, मीडियम, स्मॉल) श्रेणी के प्रीमियम सेब में देखने को मिला है। कंपनी ने इसका खरीद मूल्य पिछले साल के ₹85 से बढ़ाकर ₹108 प्रति किलो तय कर दिया है, जिससे बागवानों को सीधे ₹23 प्रति किलो का फायदा होगा।
जानिए किस ग्रेड के सेब का क्या है नया रेट?
अदानी एग्री फ्रेश द्वारा जारी आधिकारिक रेट लिस्ट के अनुसार, सेब के विभिन्न ग्रेड और कलर परसेंटेज के हिसाब से दरें तय की गई हैं:
80% से 100% रंग वाले सेब:
LMS (लार्ज, मीडियम, स्मॉल): ₹108 प्रति किलो
ES (एक्स्ट्रा स्मॉल): ₹89 प्रति किलो
EES (एक्स्ट्रा एक्स्ट्रा स्मॉल): ₹73 प्रति किलो
EL (एक्स्ट्रा लार्ज): ₹60 प्रति किलो
60% से 80% रंग वाले सेब:
LMS श्रेणी: ₹80 प्रति किलो
ES श्रेणी: ₹67 प्रति किलो
EES श्रेणी: ₹54 प्रति किलो
पित्तू और EL ग्रेड: ₹43 प्रति किलो
इन खरीद केंद्रों पर लागू होंगी नई दरें
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये नई दरें शिमला और आसपास के प्रमुख संग्रह केंद्रों पर तुरंत प्रभाव से लागू होंगी। इनमें रामपुर, रोहड़ू, सैंज, जड़ोल टिक्कर और टुटूपानी स्थित अदाणी एग्री फ्रेश के सीए स्टोर (CA Stores) और खरीद केंद्र शामिल हैं।
पिछले साल (2025) की तुलना में कितना फायदा?
गौरतलब है कि वर्ष 2025 के सीजन में कंपनी ने 80 से 100 प्रतिशत रंग वाले प्रीमियम रॉयल सेब का शुरुआती रेट ₹85 प्रति किलो तय किया था। वहीं, 60 से 80 प्रतिशत रंग वाले LMS सेब के लिए ₹65 और 60 प्रतिशत से कम रंग वाले सेबों के लिए मात्र ₹24 प्रति किलो का भाव दिया था।
