एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ऐतिहासिक राजदरबार रामपुर बुशहर में बुधवार देर शाम को ब्लॉक कांग्रेस रामपुर के तत्वावधान में सिटी जोन रामपुर की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने की। सिटी जोन अध्यक्ष राजेश गुप्ता के आग्रह पर आयोजित बैठक में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष एवं मंडी लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान नगर परिषद रामपुर के सभी वार्डों में पार्टी संगठन को सुदृढ़ करने, व्यापक सदस्यता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा नगर परिषद के वर्तमान एवं पूर्व निर्वाचित पार्षदों की संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और बूथ कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और सुझावों को प्रतिभा सिंह के समक्ष रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए समय समय पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रभावी रणनीति तैयार कर सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
बैठक के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
