एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भाजपा मंडल रामपुर की मासिक बैठक शनिवार को रामपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी ने की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष करण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, बीडीसी सदस्य बुद्ध सिंह नेक राम, जिला परिषद झाकड़ी वार्ड की सदस्य ममता आजाद सहित भाजपा के तीनों मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सकता है।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अभियान के तहत मंडल स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने, स्कूल-कॉलेजों में विकसित भारत-2047 विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं करवाने, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
इसके अलावा लाभार्थियों से संपर्क कर उनकी सफलता की कहानियों के वीडियो तैयार करने, सोशल मीडिया के माध्यम से सेवा कार्यों का प्रचार करने, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने और विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, वृद्धाश्रम व अनाथालय भ्रमण, नशामुक्ति जागरूकता तथा अन्य सेवा गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां करने और जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
