एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
किन्नौर जिले से 9 सितंबर से लापता चल रहे दो युवकों का वाहन मंगलवार सुबह झाकड़ी थाना क्षेत्र के मंगलाड़ खड्ड के पास दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। हादसे में वाहन सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। वाहन गहरी खड्ड में गिरा होने के कारण शवों को बाहर निकालने में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम की सहायता मांगी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना रिकांगपिओ को सूचना मिली थी कि मारुति सुजुकी एर्टिगा में सवार होकर गए दो युवक 9 सितंबर से लापता हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों और वाहन की तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान मंगलाड़ खड्ड के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। वाहन में सवार दोनों युवक मृत पाए गए।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अरविंदर नेगी पुत्र अनिल कुमार निवासी गांव पोवारी, डाकघर तंगलिंग, तहसील कल्पा और 22 वर्षीय प्रशांत गंधर्व पुत्र मनोहर लाल निवासी गांव पोवारी, डाकघर तंगलिंग, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना का स्थान काफी दुर्गम है और वाहन गहरी खड्ड में गिरा है। इस कारण शवों को सुरक्षित बाहर निकालने में परेशानी आ रही है। पुलिस ने प्रशासन से रेस्क्यू टीम उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया है। टीम की मदद से दोनों शवों को खड्ड से बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। झाकड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
