एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (एचपीएस) की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत 22 सितंबर को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में कार्यालय परिसर और बायल गांव के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में रामपुर एचपीएस के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बायल गांव के स्थानीय महिला मंडलों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत बायल में राजकीय माध्यमिक पाठशाला बायल के समीप चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाई-2 (Cleanliness Target Unit-2) में गहन सफाई और ब्लैक स्पॉट स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान कचरा संवेदनशील और कठिन स्थानों की विशेष सफाई की गई। इस कार्य में बायल गांव के महिला मंडलों के साथ सम्भव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट, दत्तनगर का सहयोग प्राप्त हुआ। महिला मंडल के सदस्यों ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट से कचरा एकत्र किया, जिसे ट्रस्ट के सहयोग से कचरा पृथक्करण और उचित वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए निर्धारित कचरा प्रबंधन स्थल तक पहुंचाया गया।
महिला मंडलों को बांटे जूट के थैले
स्वच्छता अभियान के उपरांत प्लास्टिक और एकल-उपयोग प्लास्टिक (SUP) के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला मंडलों के सदस्यों को जूट के थैले वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित करना और प्लास्टिक पर निर्भरता कम करना है।
स्वच्छता के लिए सामुदायिक भागीदारी जरूरी : विकास मारवाह
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने स्थानीय समुदाय से सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और सड़क किनारे कचरा न फैलाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता लक्षित इकाइयों को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाए रखने के लिए समुदाय की निरंतर भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार व्यवहार और संसाधनों के संरक्षण की संस्कृति है। कचरे का स्रोत पर सही पृथक्करण, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना ही ‘स्वच्छता ही सेवा’ की वास्तविक भावना है।”
कार्यक्रम में रामपुर एचपीएस के सभी विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ महिला मंडल गांधीनगर, बायल तथा महिला मंडल बंगलादेश, बायल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थानीय समुदाय को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
