एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत 25 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर में ‘स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता’ के अंतर्गत अंतर-हाउस खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं के लिए कबड्डी और छात्रों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें विद्यालय के चार हाउस—इरावती, अस्किनी, विपाशा और शतुद्री—के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्रा वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में अस्किनी हाउस ने प्रथम तथा विपाशा हाउस ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, छात्र वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इरावती हाउस प्रथम और अस्किनी हाउस द्वितीय रहा। प्रतियोगिताओं के समापन पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल मैदान की स्वच्छता के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए खेल मैदान की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। यह गतिविधि ‘सामूहिक प्रयास से स्वच्छता का दृश्यमान प्रभाव’ के संदेश को सार्थक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि ‘स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता’ के माध्यम से विद्यालयों और युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कचरा न फैलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ कचरा प्रबंधन को समझना भी जरूरी है। यदि गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग किया जाए, तो उसके पुनर्चक्रण और उचित निस्तारण में काफी मदद मिलती है। रामपुर एचपीएस द्वारा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से जोड़कर उन्हें कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दत्तनगर के सेवानिवृत्त एएलडी (असम राइफल्स) महेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर के प्रधानाचार्य राजेश परमार, शिक्षकगण, रामपुर एचपीएस बायल के विभिन्न विभागाध्यक्ष तथा सीएसआर प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
