एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
वाल्मीकि सुधार सभा रामपुर ने अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान की मांग को लेकर हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान सहित आयोग के सदस्यों को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समुदाय के पात्र लोगों को आवश्यक दस्तावेज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उचित कार्रवाई की मांग रखी।
सभा के सचिव दीपक डिल्लों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि वाल्मीकि समाज के कई परिवार पिछले करीब 60 वर्षों से रामपुर बुशहर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि समुदाय के पात्र लोगों के हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित मामलों के समाधान की आवश्यकता है।
इसके अलावा सभा ने पात्र परिवारों को प्रस्तावित आवासीय योजनाओं, भूमि आबंटन और अन्य सरकारी सुविधाओं एवं लाभों का लाभ दिलाने का आग्रह किया। सभा ने आयोग से इन मामलों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आयोग ने मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए रामपुर प्रशासन को प्रेषित किया। सभा के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि संबंधित प्रशासनिक विभाग समुदाय की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
इस अवसर पर वाल्मीकि सुधार सभा के सदस्य दर्शन सिंह, अशोक, आकाश, अमित, सुमित ढिल्लों, अजय, विजय और गुलज़ार सिंह मौजूद रहे।
