एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पूर्व चेयरमैन हिमकोफेड एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने रविवार को ननखड़ी क्षेत्र की खोलीघाट पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली, स्वास्थ्य, जलशक्ति, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों में स्टाफ की भारी कमी है, जिससे लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कौल सिंह नेगी ने कहा कि खोलीघाट पीएचसी में डॉक्टर नहीं है और स्वास्थ्य केंद्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गाहन में हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका और उसे शिमला रेफर करना पड़ा। छोटी बीमारी के उपचार के लिए भी लोगों को नारकंडा और रामपुर जाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि खड़ाहन से ननखड़ी तक पशुपालन विभाग में फार्मासिस्ट नहीं है। वहीं, पीडब्ल्यूडी सब-डिवीजन खोलीघाट में एसडीओ और जेई के पद खाली हैं। बिजली विभाग में जेई और फोरमैन के पद रिक्त हैं तथा क्षेत्र में लगे करीब 35 ट्रांसफार्मरों की देखरेख के लिए एक भी टी-मेट नहीं है। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग में भी पूरे ननखड़ी क्षेत्र के लिए केवल एक जेई तैनात है।
भाजपा नेता ने रैइबहाली-खुन्नीपनोली सड़क पर पीएमजीएसवाई के तहत हो रही टायरिंग की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से सभी रिक्त पद जल्द भरने और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा जनहित के मुद्दों को लेकर जनआंदोलन करेगी।
