एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा | कांगड़ा जिले के डमटाल क्षेत्र में मायके आई 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह महिला अपने कमरे में पंखे से लटकी मिली। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। वहीं, मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विवाहिता की पहचान सिमरन शर्मा निवासी डमटाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सिमरन की शादी करीब छह महीने पहले पंजाब के मुकेरियां क्षेत्र के अश्वनी शर्मा के साथ हुई थी। महिला कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
सुबह घर के काम में जुटी थी सिमरन
परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह सिमरन की दिनचर्या सामान्य थी। उसने घर के काम में मां का हाथ बंटाया और खाना बनाने में भी सहयोग किया। इसके बाद उसकी मां ने उसे पठानकोट जाने के लिए तैयार होने को कहा। कुछ समय बाद जब सिमरन कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने उसे आवाज दी। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोला गया तो सिमरन पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी हुई मिली। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल इंदौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डमटाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लिया। बाद में नागरिक अस्पताल नूरपुर में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मां की शिकायत पर चार लोगों पर एफआईआर
महिला की मां मधु ने ससुराल पक्ष पर बेटी को दहेज के लिए परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने सिमरन के पति अश्वनी शर्मा, सास, ससुर और ननद के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 108 और 3(5) के तहत मामला दर्द कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
