धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में रिक्त पड़ी सीटों को भरने के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया की तिथि बढ़ाकर 15 अक्तूबर कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए संबंधित संस्थान में स्वयं उपस्थित होकर सीट के लिए आवेदन करना होगा। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
विभाग की अधिसूचना के अनुसार, काउंसलिंग में भाग लेने के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं करवाया है, वे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पहले से पंजीकृत और नए पंजीकृत अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, आवश्यक दस्तावेज और फोटो पहचान पत्र लेकर संबंधित आईटीआई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर हर दिन मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। पिछले दिन की मेरिट सूची अगले दिन के लिए मान्य नहीं होगी। प्रवेश मिलने पर अभ्यर्थियों को उसी समय संस्थान में निर्धारित शुल्क और फंड जमा करवाने होंगे रिक्त सीटों की जानकारी संबंधित आईटीआई से प्राप्त की जा सकती है।
पहले से प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी नहीं होंगे पात्र
इस स्पॉट राउंड में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026 में अभी तक किसी भी आईटीआई में प्रवेश नहीं लिया है। पहले से प्रवेश हासिल कर चुके अभ्यर्थियों को संस्थान या व्यवसाय बदलने की अनुमति नहीं होगी। काउंसलिंग की तारीख बढ़ाने का निर्णय भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के प्रशिक्षण महानिदेशालय, नई दिल्ली के निर्देशों के बाद लिया गया है। विभाग ने संबंधित संस्थानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
