एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
प्रदेश लोक निर्माण विभाग व शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होने का अवसर मिला। समारोह के दौरान माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नगर परिषद ठियोग ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में अपनी जगह बनाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
नगर परिषद ठियोग की यह उपलब्धि स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी का परिणाम है। पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना अपने आप में एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके बावजूद ठियोग नगर परिषद ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर प्रयासों से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस सफलता के पीछे निकाय के पार्षदों, स्थानीय जनता, निकाय के अधिकारी व कर्मचारी, विशेषकर सफाई कर्मचारियों का समर्पण और अथक परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण रहा है। इसके साथ ही शहरी निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और हिमाचल प्रदेश की जागरूक जनता का सहयोग भी इस उपलब्धि का मजबूत आधार बना है। स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह सम्मान केवल नगर परिषद ठियोग की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है, जिन्होंने स्वच्छ और सुंदर हिमाचल के निर्माण में अपना योगदान दिया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए नगर परिषद ठियोग के सभी सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। यह सफलता भविष्य में भी स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की प्रेरणा देगी।
