एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राष्ट्रीय मांग दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन, सड़क एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) ने सोमवार को रामपुर स्थित श्रम कल्याण कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान निर्माण मजदूरों की विभिन्न लंबित मांगों को उठाते हुए पंजीकरण, सदस्यता नवीनीकरण, ई-केवाईसी और कल्याणकारी योजनाओं के तहत जमा क्लेम का शीघ्र निपटारा करने की मांग की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य महासचिव अमित कुमार, सीटू जिला शिमला अध्यक्ष कुलदीप डोगरा और यूनियन के जिला महासचिव दिनेश मेहता ने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चार श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों के संघर्षों से हासिल अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों के लिए 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन, 21 हजार रुपये न्यूनतम पेंशन, ठेका मजदूरों का नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने एनसीआरबी की वर्ष 2024 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश में 52,910 दिहाड़ी मजदूरों ने आत्महत्या की, जो कुल आत्महत्याओं का लगभग 31 प्रतिशत है। उन्होंने इसे असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की बदहाल आर्थिक स्थिति और सामाजिक सुरक्षा की कमी का गंभीर संकेत बताया।
यूनियन नेताओं ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में बोर्ड के कुल बजट और व्यय का 25 प्रतिशत से अधिक हिस्सा अन्य खर्चों के नाम पर खर्च किया गया, जबकि निर्माण मजदूर अपने कल्याणकारी लाभों के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
रामपुर क्षेत्र की समस्याओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से 2023 तक के बड़ी संख्या में पंजीकरण और लाभ संबंधी आवेदन लंबित हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में जमा करवाए गए क्लेम का भी निपटारा नहीं हुआ है। दस्तावेज और आपत्तियां पूरी करने के बावजूद मजदूरों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। नए पंजीकरण, सदस्यता नवीनीकरण और ई-केवाईसी में भी अनावश्यक देरी हो रही है।
यूनियन ने बोर्ड से श्रम उपकर की राशि मजदूरों के कल्याण पर खर्च करने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा। सीटू ने 1 दिसंबर को दिल्ली में संसद मार्च का आह्वान किया है। उन्होंने मजदूरों और किसानों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
