एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर बुशहर की विशेष बैठक नरैण बाहली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने की। इस दौरान कनछीन वैली के अंतर्गत आने वाली तीन ग्राम पंचायतों बाहली, नरैण और पलजारा को मिलाकर संयुक्त कांग्रेस जोन का गठन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, पार्टी की गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कुलदीप सिंह नेगी को चुना नया जोन अध्यक्ष
बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से कनछीन वैली कांग्रेस जोन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कुलदीप सिंह नेगी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, देसराज भंडारी, मलक राज मैहता और बिशेषर पौंड को उपाध्यक्ष, पंडित सुदामा शर्मा को महासचिव तथा राज विजय ठाकुर को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वोट चोर,गद्दी छोड़ पर बैठक में चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए लाल चंद शर्मा ने कांग्रेस के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ अभियान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी गंभीर चिंता का विषय हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मत का सम्मान और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को गांव-गांव, पंचायत और प्रत्येक बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। लाल चंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और जरूरतमंद परिवारों को इनका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और मुख्यमंत्री विद्यार्थी कल्याण योजना सहित अन्य योजनाओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ जमीनी स्तर पर काम करना चाहिए।
बैठक में ग्राम पंचायत बाहली की प्रधान बीना मेहता, ग्राम पंचायत नरैण के उपप्रधान भूपेंद्र सिंह ठाकुर, कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक चंद भलूनी, डॉ. केदार सिंह, वीरभद्र सिंह कायथ, भूप सिंह चौहान, केडी मैहता, सोनू भलूनी, राजीव देष्टा, वीरेंद्र कुमार भलूनी, कुशाल मैहता, महेंद्र सिंह भंडारी, निर्मल शुक्ला, सिंगी राम, दिला राम, प्रकाश वर्मा, पदम पालसरा और सर्जन मेहता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
