एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं लौह महिला के नाम से विख्यात स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को रिज मैदान शिमला स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता और देश को सशक्त बनाने में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच वाली महान नेता थीं।उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की। उनका साहसिक नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रतिबद्धता आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
खाची ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी के महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णयों में से एक था। इससे ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और बागवानों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। उन्होंने पूर्व राजे-महाराजाओं के विशेषाधिकार और प्रिवी पर्स की व्यवस्था समाप्त करने के निर्णय को भी सामाजिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी राष्ट्रीय हितों को हमेशा सर्वोपरि रखा। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति उनका समर्पण भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।
इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नगर निगम की उप महापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवार एवं गौरवजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी सहित पार्षदगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
