एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग (राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027) के चैलेंज ट्रैक के तहत आयोजित जिला स्तरीय चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि युवा निर्धारित विषय पर अपने विचार गंभीरता, स्पष्टता और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशील पर्वतीय पर्यावरण का संरक्षण भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। युवाओं को सतत विकास के अग्रदूत बनकर ऐसे विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए, जो सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के प्रति प्रतिबद्ध हो।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और निर्णायक मंडल की अध्यक्षता की। नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक विपिन कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिमला जिले के करीब 8,000 युवाओं ने प्रथम चरण की क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें से 1,000 प्रतिभागियों को दूसरे चरण के लिए चुना गया। इसके बाद 200 प्रतिभागियों ने विषय आधारित निबंध प्रस्तुत किए। प्रदेशभर से प्राप्त निबंधों का मूल्यांकन सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में किया गया, जिसके बाद शिमला जिले के 52 प्रतिभागियों को पीपीटी चरण के लिए चयनित किया गया।
जिला स्तरीय चैंपियनशिप में जलवायु सुरक्षा, सीमाएं एवं सतत पर्वतीय विकास विषय पर कुल 19 प्रतिभागियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। विपिन कुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर विचार साझा करने का अवसर प्रदान करती है तथा विकसित भारत के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राजभवन मोहिंदर शर्मा, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के सहायक आचार्य डॉ. स्नेह तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संजौली की प्रवक्ता पूनम शौनक शामिल रहे।
निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद मीनाक्षी मेहता, नंदिनी कंवर, निकिता चौहान, विवेक भरमैेक, ऐशानी वर्मा और चिराग नेगी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग चैंपियनशिप दिसंबर 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगी, जिसमें ये छह प्रतिभागी शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
