एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए प्रतिबंधित गानवी–जघोरी–फांचा मार्ग पर अवैध आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने पुलिस और वन विभाग को क्षेत्र में कर्मियों की तैनाती कर प्रतिबंध आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
एसडीएम हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से गानवी–झगोरी–फांचा मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक और श्रद्धालु इस प्रतिबंधित मार्ग से श्रीखंड महादेव की ओर जाने का प्रयास कर रहे हैं। दुर्गम और जोखिमपूर्ण मार्ग होने के कारण ऐसी आवाजाही से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर को फांचा में प्राथमिकता के आधार पर पुलिस कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस को प्रतिबंध आदेशों का सख्ती से पालन करवाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी प्रकार की अनधिकृत आवाजाही रोकने को कहा गया है।
इसके साथ ही वन मंडल अधिकारी रामपुर को भी क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में वन कर्मियों की तैनाती कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर वन क्षेत्र से होकर प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी प्रशासन की ओर से जारी प्रतिबंधों का पूर्ण पालन करने तथा अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करने की अपील की है।
