एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ठियोग
ठियोग पुलिस थाना में ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा संबंधी लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 27 नवंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता विभिन्न धाराओं व विस्फोटक अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले में ब्लास्टिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियां नहीं बरतने और विस्फोट से पहले निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना एक व्यक्ति को घटनास्थल से गुजरने की अनुमति देने का आरोप है। इसी लापरवाही के कारण व्यक्ति की मृत्यु होने के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार (31), निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला; रवि कुमार (31), निवासी तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी; तथा राकेश कुमार (27) और राजेश कुमार (23), दोनों मूल निवासी नेपाल और वर्तमान में तहसील रामपुर, जिला शिमला में रह रहे हैं, के रूप में हुई है।
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 27 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आगामी अन्वेषण जारी है।
