शिमला| हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन को आधुनिक तकनीक के जरिये नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ सहयोग करेंगे। प्रदेश में 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां न्यूजीलैंड की तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाली और रोगमुक्त सेब की पौध तैयार की जाएगी। सरकार का लक्ष्य आगामी वर्ष से ही बागवानों को उन्नत किस्मों के पौधे उपलब्ध करवाना है।
शुक्रवार को बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई। इसमें उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना और आधुनिक बागवानी तकनीक को प्रदेश के बागवानों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यह परियोजना केंद्र सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत स्थापित की जाएगी।
रूटस्टॉक पर तैयार होगी रोगमुक्त पौध
उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना के लिए 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। केंद्र में रूटस्टॉक पर तैयार रोगमुक्त पौध के साथ सेब की नई और उन्नत किस्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। बदलती जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उच्च घनत्व वाली बागवानी को बढ़ावा देना परियोजना का प्रमुख उद्देश्य रहेगा। इसके माध्यम से बागवानों को आधुनिक बगीचे लगाने, पौधों के बेहतर प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र में हिमाचल के अलावा अन्य राज्यों के बागवानों के लिए भी प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी।
न्यूजीलैंड देगा तकनीकी सहयोग, विभाग उपलब्ध करवाएगा संसाधन
परियोजना के तहत केंद्र सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाएगी, जबकि न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ तकनीक हस्तांतरण और प्रबंधन में मार्गदर्शन करेंगे। हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग केंद्र के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन और स्टाफ उपलब्ध करवाएगा। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के बागवानों को आधुनिक तकनीक और उन्नत किस्मों की पौध का लाभ मिल सके।
