एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को यूनियन कार्यालय में चेयरमैन ओम प्रकाश बगैई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनाव सहित यूनियन से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन की नई कार्यकारिणी के चुनाव 19 सितंबर 2026 को करवाए जाएंगे। चुनाव की तिथि निर्धारित होने के बाद यूनियन सदस्यों में उत्साह देखने को मिला।
बैठक में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इसके लिए महासचिव को कार्यवाहक सचिव के रूप में अधिकृत किया गया है। कार्यवाहक सचिव चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक कार्य एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के चुनाव 19 सितंबर को, मतदान के लिए चंदा जमा होना जरूरीइसके अलावा यूनियन के पिछले कार्यकाल के आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा आगामी जनरल हाउस के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में अंतिम निर्णय जनरल हाउस का ही मान्य होगा। उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव का ध्वनिमत से समर्थन किया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि 10 सितंबर 2026 तक यूनियन का नियमित मासिक चंदा जमा करवाने वाले सदस्य ही आगामी यूनियन गतिविधियों में भाग लेने और चुनाव में मतदान करने के अधिकारी होंगे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और नई कार्यकारिणी के गठन में अपना सहयोग दें।
