एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एचआरटीसी रामपुर की कर्मशाला में कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शुक्रवार को निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन संभव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने Arogya Health & Wellness और Testing Point Clinical Laboratory के सहयोग से किया है।
शिविर में एचआरटीसी कर्मचारियों की हाइट, वजन, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की जा रही हैं। इसके अलावा कर्मचारियों को स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सलाह और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।
शिविर में डॉ. आंचल शर्मा कटोच, आयुर्वेदाचार्य द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करना है।
कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल कैंप का स्वागत
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पाराशर ने कर्मचारियों के लिए आयोजित इस निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं, ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद जरूरी है।
उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की कि रामपुर की तर्ज पर निगम के अन्य डिपो, कर्मशालाओं और कार्यस्थलों पर भी समय-समय पर निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके कार्यस्थल पर ही मिल सकें।
हरीश कुमार पाराशर ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं।
