एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर बुशहर ने रविवार को व्यापक पौधारोपण अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान क्षेत्र में करीब 200 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों और महिला मंडलों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल प्रकृति के प्रति कर्तव्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य के स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान इसके घने जंगलों, प्राकृतिक संपदा और स्वच्छ पर्यावरण से है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सचिव राजीव ठाकुर, कलेड़ा-मझोटी पंचायत के प्रधान अश्वनी शर्मा, मंदिर कमेटी मझेवटी के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, जोनल इंचार्ज गुलाब खांशू सहित सतीश शर्मा, ओम प्रकाश भारती, बेअंत शर्मा, कुलदीप गोस्वामी, सूरजन मेहता, दीवान जगतू सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पौधारोपण अभियान में महिला मंडल मझेवटी और महिला मंडल नेरी की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं और ग्रामीणों की सहभागिता से अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप मिला।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े अभियान आयोजित किए जाएंगे।
अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
संदेश: “एक पौधा आज, सुरक्षित पर्यावरण कल। हरियाली बढ़ेगी, हिमाचल आगे बढ़ेगा।”
