एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से एक लापता नाबालिग को मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर मिसाल पेश की है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार 14 जून 2026 की रात लगभग 10:15 बजे पुलिस थाना रामपुर को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि 17 वर्षीय एक नाबालिग घर से बिना बताए कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर ने तत्काल एक टीम को मौके पर रवाना किया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खोज अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर खोजबीन की। साथ ही घर के आसपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग दत्तनगर क्षेत्र से एक एचआरटीसी बस में सवार हुआ था।
इसके बाद पुलिस ने विभिन्न इकाइयों और परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित बस की जानकारी जुटाई तथा नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप नाबालिग को थाना ढल्ली क्षेत्र में सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया सूचना मिलने के लगभग पांच घंटे के भीतर पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जिला शिमला पुलिस ने इस सफल कार्रवाई से एक बार फिर साबित किया है कि वह आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। त्वरित प्रतिक्रिया, तकनीकी संसाधनों के कुशल उपयोग और विभिन्न इकाइयों के उत्कृष्ट समन्वय से यह अभियान सफल रहा।
