सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड/एमएड एवं डिग्री कॉलेज बालना (नोगली) में प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु छात्र छात्राओं ने अंतिम वर्ष के बीएड प्रशिक्षुओं के सम्मान में ‘स्मृतियों का कारवां: यादों के साथ भविष्य की ओर’ शीर्षक से भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया। समारोह में भारत गौरव से सम्मानित डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि विदाई समारोह प्रशिक्षुओं के साथ बिताए अमूल्य पलों को संजोने, उनकी उपलब्धियों का सम्मान करने और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है, इसलिए प्रशिक्षुओं को ज्ञान, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन साक्षी, रोनिव, साक्षी कपटिया और ऋतिक ने किया। प्रशिक्षुओं ने समूह नृत्य, हिमाचली नाटी, एकल नृत्य और गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने संस्थान में बिताए अनुभव साझा कर गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं और व्यक्तित्व मूल्यांकन के आधार पर इशिता को मिस सर्वपल्ली और अंशुल को मिस्टर सर्वपल्ली चुना गया। अनामिका कौशल को मिस टैलेंटेड, सुदर्शन को मिस्टर टैलेंटेड, अनामिका चौहान को मिस पर्सनैलिटी और अरुण को मिस्टर पर्सनैलिटी के खिताब से सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विदाई अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। समारोह का समापन प्रीतिभोज के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, अभिभावक और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
