एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रामपुर में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जुलाई माह में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के कैंपस इंटरव्यू एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे। प्लेसमेंट अभियान की शुरुआत 14 जुलाई से होगी और 24 जुलाई तक अलग-अलग तिथियों में कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
आईटीआई रामपुर के प्रधानाचार्य रवि कुमार चौहान ने इस संबंध में आईटीआई निरमंड, देलठ, खड़ाहण, कुमारसैन और ननखड़ी के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर पात्र प्रशिक्षुओं को प्लेसमेंट ड्राइव की जानकारी देने और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है।
जारी पत्र के अनुसार तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय, सुंदरनगर की स्वीकृति के बाद यह प्लेसमेंट अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत उत्तम इलेक्ट्रिकल्स एवं एचआईएम आईटी सर्विसेज का कैंपस इंटरव्यू 14 जुलाई को आयोजित होगा।
इसके बाद माइक्रो सीमलेस प्लांट, बरोटीवाला (बद्दी) की प्लेसमेंट ड्राइव 16 जुलाई, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, गुजरात की 21 जुलाई तथा औरो टेक्सटाइल्स (वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड), बद्दी की प्लेसमेंट ड्राइव 23 और 24 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
आईटीआई प्रशासन ने सभी पात्र प्रशिक्षुओं से निर्धारित तिथि पर सुबह 9:30 बजे संस्थान में उपस्थित होने का आग्रह किया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा (रिज्यूमे), पासपोर्ट आकार के फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे।
इन प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं तकनीकी कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
