एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रोहड़ू। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। डोडरा से क्वार की ओर जा रही एक बोलेरो कैंपर गोसांगो के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 25 लोग सवार थे और वह ओवरलोड थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इनमें से सात गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदासु में भर्ती कराया गया है, जबकि 17 घायलों को क्वार अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
मृतक महिला की पहचान डोडरा निवासी 35 वर्षीय शाना देवी पत्नी कमाल चंद के रूप में हुई है। प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को 20,000 रुपये और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 10,000 रुपये की फौरी राहत दी गई है। नायब तहसीलदार क्वार प्रताप ने राहत राशि की पुष्टि की है। घायलों में तारा चंद, यशपाल, सुषमा देवी, अमन, सुरमा देवी, गुलाब सिंह, अरनव, हेमलता, रीता, वाना देवी, ममता, जसपति, भगत चंद, सजन देवी, कल्पना, निता देवी, रोजी सिंह, काम्या, देव राज, राजमणी, राज राम, राजेश, विकास, नवीन कुमार। सभी घायल डोडरा क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें से सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डीएसपी रोहड़ू ने बताया कि बोलेरो ओवरलोड थी और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की गहनता से छानबीन की जा रही है।