एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर-बुशहर
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के पुलिस थाना झाकड़ी के तहत गानवी-ज्यूरी मार्ग पर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जब तलारा से गानवी गई बारात वापस लौट रही थी।
वापसी के दौरान तलारा गांव के तीन युवक गाड़ी में लौट रहे थे। इसी दौरान गाड़ी में बैठा रामलाल अपने गांव के एक युवक से कहासुनी में उलझ गया। दोनों युवक गाड़ी से उतरकर कानू नाले के पास चले गए। गाड़ी में बैठा तीसरा युवक उनका इंतजार करता रहा, लेकिन वे लौटे नहीं। इसके बाद वह तलारा गांव लौट आया और शादी समारोह में शामिल हो गया। बाद में पता चला कि रामलाल लापता है।
घटना की सूचना मिलने पर ज्यूरी पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, रात के अंधेरे के कारण उन्हें कोई सुराग नहीं मिल पाया। मंगलवार सुबह खोज अभियान फिर से शुरू किया गया। इसी दौरान पुलिसकर्मी विक्रम ने सतलुज नदी किनारे रामलाल का शव देखा। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने लगभग छह घंटे की मेहनत के बाद शव को गहरी खाई से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, खनेरी भेजा।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि मामला सोमवार रात का है और शव कानू नाले के पास बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
