एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत मानपुरा थाना क्षेत्र के लोधी माजरा में एक 13 वर्षीय प्रवासी बच्ची ने आत्महत्या कर ली। मृतका लोधी माजरा स्थित स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा थी। शनिवार को नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार बच्ची का परिवार उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में लोधी माजरा में किराये के मकान में रह रहा था। शुक्रवार को बच्ची स्कूल से घर लौटी थी। उस समय उसके माता-पिता कंपनी में काम पर गए हुए थे। इसी दौरान बच्ची ने घर में पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका छोटा भाई भी घर पर मौजूद था, जो स्कूल से आने के बाद खेलने चला गया था। शाम को जब वह वापस कमरे में लौटा तो बहन को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए।
बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत बच्ची के माता-पिता तथा मानपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।