रिकांगपिओ । किन्नौर जिले की लिप्पा पंचायत के तहत मान देनदेन कंडा क्षेत्र में भीषण जंगल की आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटों ने दर्जनों हरे-भरे पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को लिप्पा पंचायत क्षेत्र में सड़क मार्ग से लगभग 500 से 600 मीटर दूर मान देनदेन कंडा इलाके में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग लिप्पा पंचायत के साथ-साथ आसरंग पंचायत की सीमा से सटे वन क्षेत्र तक फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही लिप्पा और आसरंग पंचायत के ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में जुट गए। हालांकि तेज हवा और दुर्गम क्षेत्र के कारण आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया। ग्रामीणों के सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। लिप्पा पंचायत प्रधान हरीश कुमारी ने बताया कि जंगल में लगी आग अभी पूरी तरह से नहीं बुझ पाई है और बुधवार को ग्रामीण मिलकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने का प्रयास करेंगे। वहीं आरओ विद्या चंद ने बताया कि लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।
