ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

सतलुज नदी किनारे युवक का शव मिला, जुराब से 22.26 ग्राम हेरोइन बरामद

March 6, 2026 4:53 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर

रामपुर में सतलुज नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि भगवती होटल के पास सतलुज नदी के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच व कार्यवाही शुरू की।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान संदीप कुमार (34) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव जखोली, तहसील कलायत, जिला कैथल (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें मृतक को सतलुज नदी की ओर जाते हुए तथा रास्ते में फिसलकर गिरते हुए देखा गया है। पुलिस को मौके से मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा उसकी जुराब से करीब 22.26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भी बरामद हुई है। बरामद नशीले पदार्थ के संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मृतक चिट्टे की इस खेप को स्थानीय युवाओं को बेचने के उद्देश्य से यहां आया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में कुल सात मामले दर्ज हैं। इनमें पांच मामले चोरी के, एक मामला हत्या व हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित है, जबकि एक मामला उदघोषित अपराधी की श्रेणी में दर्ज है। वह हत्या के मामले में छह वर्ष की सजा काट रहा था और जनवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment