एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
कुल्लू जिले के पतलीकूहल में लिव-इन रिलेशन में रह रहे रंजीत सिंह का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। जांच में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी पद पर तैनात रंजीत के गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट और खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने उसकी महिला साथी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रंजीत सिंह की पत्नी टशी पालमो ने पुलिस को बताया कि रंजीत पिछले लगभग पांच वर्षों से पतलीकूहल में एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। 9 मार्च की रात दोनों के बीच तीखी बहस हुई, और अगले दिन महिला ने पुलिस को सूचना दी कि रंजीत उठ नहीं रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के पास से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ जारी है। पुलिस ने साफ किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
