एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
जिला शिमला में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। यह जानकारी उपायुक्त अनुपम कश्यप ने वीरवार को गैस आपूर्ति करने वाली कंपनियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी। उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे को नियमित रूप से गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की गैस, पेट्रोल या डीजल की कमी नहीं है और आपूर्ति लगातार जारी है। इसलिए आम लोगों से अपील की गई है कि वे इन आवश्यक वस्तुओं का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन द्वारा तेल विपणन कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे। उपायुक्त ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि सभी उपमंडल दण्डाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के साथ प्रतिदिन बैठक कर स्थिति का आकलन कर रहे हैं और रोजाना रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपयोग की जांच भी की जा रही है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि बड़े विकास कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनरी के लिए डीजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे कोई भी विकास कार्य प्रभावित न हो।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान, डीएसपी सिटी गुलशन नेगी और एफएसओ अनीता ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
