एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
Kumarsain Opium Case : शिमला जिले के पुलिस थाना कुमारसैन में दर्ज अफीम तस्करी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पहले इस प्रकरण में 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद की गई थी। बैकवर्ड लिंकेज की दिशा में की जा रही गहन एवं तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम की अतिरिक्त बरामदगी की गई।
गिरफ्तार महिला की पहचान लक्ष्मी (46) निवासी गांव शिमी, नेपाल के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जिला सोलन के कंडाघाट क्षेत्र में लक्ष्मी टी स्टॉल का संचालन कर रही थी। जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों और विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पाया कि महिला मादक पदार्थ तस्करी के एक संगठित नेटवर्क से जुड़ी हुई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को यह मादक पदार्थ पहले से गिरफ्तार आरोपियों ने शिमला की ओर जाते समय सप्लाई किया गया था। वह इसे आगे अवैध रूप से वितरित करने की फिराक में थी। पुलिस के अनुसार महिला इस नेटवर्क की लिस्टेड होलसेल ग्राहक थी और नियमित रूप से मादक पदार्थ की आपूर्ति प्राप्त करती थी।
अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके, 11.5 किलो अफीम बरामद
पुलिस टीम ने 13 अप्रैल 2026 को कंडाघाट क्षेत्र में आरोपी महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस द्वारा करीब 11.5 किलोग्राम अफीम बरामद की जा चुकी है। आरोपी महिला को अदालत में पेश कर पांच दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगामी जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें
Shimla : पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नारकंडा में 9.28 किलो अफीम और ₹12 लाख नकद बरामद, तीन गिरफ्तार
