एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलें वितरित करने का निर्णय लिया है। यह योजना मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
जारी आदेशों के अनुसार, प्रदेश के 143 ब्लॉकों के माध्यम से पात्र छात्रों को ये बोतलें वितरित की जाएंगी। इसके लिए जिला स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की कुल संख्या, संबंधित ब्लॉक प्रोजेक्ट ऑफिसर्स का विवरण तथा आवश्यक बोतलों की मांग का ब्यौरा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने इस प्रक्रिया को “Most Urgent” और “Time Bound” श्रेणी में रखते हुए स्पष्ट किया है कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि वितरण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
इस योजना में बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना सहित सभी जिलों के ब्लॉकों को शामिल किया गया है।
विभाग ने यह भी आगाह किया है कि समय पर आंकड़े उपलब्ध न होने की स्थिति में वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
