एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के 10 प्रतिभाशाली खिलाड़ी नेपाल में आयोजित होने वाली 7वीं एशियन स्वात (फ्रेंच किकबॉक्सिंग) प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने खिलाड़ियों को भारतीय ध्वज सौंपकर काठमांडू के लिए रवाना किया।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि यहां के युवा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे।
यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 3 मई तक नेपाल के काठमांडू विश्वविद्यालय में आयोजित होगी, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हिमाचल के खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
टीम में काव्यांशी ठाकुर (39 किग्रा), वरुण वालिया (52 किग्रा), राहुल (56 किग्रा), सूर्य प्रताप सिंह कटवाल (60 किग्रा), अमर चंद (52 किग्रा), ऋषभ शर्मा (65 किग्रा), पंकज कुमार (75 किग्रा), होमनी (52 किग्रा), रेखा (56 किग्रा) और सपना कुमारी (75 किग्रा) शामिल हैं।
भारतीय महिला टीम की कोच के रूप में संतोषी देवी टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि अमर चंद और पंकज कुमार को ऑफिशियल जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
स्वात एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उपायुक्त द्वारा खिलाड़ियों को ध्वज सौंपकर रवाना करने से उनका मनोबल बढ़ा है और प्रदेश को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
