एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
आम आदमी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। आगामी विधानसभा क्षेत्र को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानते हुए पार्टी ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का ऐलान किया है। शनिवार को रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि पार्टी आने वाले चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले 6 महीनों में हर बूथ पर टीम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान सह प्रभारी अजय राजपूत, शिमला जोन सह प्रभारी दीपक झा, मंडी जोन सह प्रभारी सुरेंद्र पंडित, विधानसभा अध्यक्ष हरीश और पूर्व प्रत्याशी उदय डोगरा भी मौजूद रहे।
ऋतुराज झा ने कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्य, युवाओं को रोजगार और महिला सशक्तिकरण पार्टी के प्रमुख मुद्दे रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और बीजेपी से निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सर्वे में हिमाचल के 80 फिसदी लोगों का कहना है कि प्रदेश में तीसरे विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को देखा जा रहा है और सभी का कहना है कि पार्टी को वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव में उतरना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि पार्टी से सभी लोग जुड़ रहे हैं जो भ्रष्ट तंत्र को बदलना चाहते हैं।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश में सड़कों की खराब स्थिति, बिजली योजनाओं और शिक्षा नीति पर भी सवाल उठाए। झा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा पूरा नहीं हुआ, जबकि स्कूलों में अलग-अलग बोर्ड लागू करने से शिक्षा व्यवस्था में असमानता बढ़ रही है।
पंजाब मॉडल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं। “स्कूल ऑफ एमिनेंस” जैसी पहल से छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, वहीं महिलाओं को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
इस अवसर पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की रणनीति का स्वागत किया। AAP ने 2027 के चुनावों में आगा विधानसभा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभरने का लक्ष्य रखा है।
