एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शिकारी देवी मंदिर के पास बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 11 हजार फीट की ऊंचाई वाले सुनसान क्षेत्र में हुआ, जिसके चलते काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।
मृतकों की पहचान भूपेंद्र राज और हेत राम के रूप में हुई है, जो थुनाग क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं घायलों की पहचान योगराज और पूर्णचंद के रूप में हुई है। इनमें एक थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। दोनों घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। अगर एक घायल युवक हिम्मत दिखाकर सड़क तक पहुंचकर मदद नहीं मांगता, तो हादसे का देर तक पता नहीं चल पाता। घायल व्यक्ति किसी तरह सड़क तक पहुंचा और वहां टेंट लगाकर रह रहे लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर रात करीब एक बजे हिमाचल प्रदेश पुलिस की जंजैहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायलों को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया। हादसे के बाद पूरे थुनाग और जंजैहली क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को फौरी राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, खराब सड़क या अन्य किसी कारण से हुआ।
